AITP नियमों के उल्लंघन पर RTO की बड़ी कार्रवाई
राजधानी देहरादून में यातायात नियमों और ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट यानी AITP के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आरटीओ प्रवर्तन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में बाहरी राज्यों की पांच गाड़ियों को सीज किया गया।
आरटीओ प्रवर्तन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि राजस्थान, हरियाणा और पंजाब से आने वाली कई गाड़ियां ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट का गलत इस्तेमाल कर रही हैं। नियमों के अनुसार AITP वाहनों को अपने मूल राज्य से सवारी लेकर टूर पूरा करने के बाद वापस लौटना होता है और वे किसी दूसरे राज्य में छह महीने से ज्यादा समय तक संचालित नहीं हो सकते।
लेकिन जांच में सामने आया कि कई वाहन लंबे समय से देहरादून के स्थानीय इलाकों, होटलों और हेलीपैड क्षेत्रों में ही संचालित हो रहे थे। चेकिंग के दौरान चालकों से पैसेंजर लिस्ट, टोल रिकॉर्ड और GPS डेटा मांगा गया, लेकिन वे संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए।
चमोला ने कहा-“लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बाहरी राज्यों की गाड़ियां AITP नियमों का उल्लंघन कर रही हैं। जांच में दस्तावेज सही नहीं पाए गए, जिसके बाद पांच गाड़ियों को सीज किया गया है। आगे भी ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
आरटीओ विभाग अब इन वाहनों के पिछले संचालन रिकॉर्ड और राज्य में रहने की अवधि की भी गहन जांच कर रहा है। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
