उत्तराखंडदेहरादूनस्वच्छता

सरकार की डिजिटल स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए मौके पर ही 15 आभा आईडी (ABHA ID) तथा 17 आयुष्मान कार्ड किए गए तैयार

सेवा सप्ताह के अंतर्गत 13 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, रायपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारम्भ आज माननीय विधायक रायपुर श्री उमेश शर्मा काऊ जी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निधि रावत, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. इन्दू पाल, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मन्जू रावत, फिजिशियन डॉ. प्रवीण पंवार एवं ब्लॉक कार्यक्रम प्रबन्धक श्री उमेश सिसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस जनकल्याणकारी पहल की सराहना करते हुए आमजन से शिविर में उपलब्ध विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर के पहले दिन विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा कुल 491 मरीजों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की गयी। उपचार पाने वाले मरीजों में सर्वाधिक संख्या स्त्री रोग विभाग की रही, जहां स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा 119 लाभार्थियों का उपचार किया गया। इसके अतिरिक्त फिजिशियन द्वारा 84, सामान्य शल्यक (General Surgeon) द्वारा 64, अस्थि रोग विशेषज्ञ द्वारा 55, तथा नेत्र विशेषज्ञ द्वारा 41 लाभार्थियों को चिकित्सा परामर्श व उपचार दिया गया। साथ ही, बाल रोग विभाग में 38 बच्चों, दन्त चिकित्सा विभाग में 27 मरीजों और ई.एन.टी. (नाक, कान, गला) विशेषज्ञ द्वारा 21 लाभार्थियों का उपचार व परीक्षण किया गया।

शिविर के दौरान उपचार के साथ-साथ बड़े स्तर पर स्वास्थ्य जांचें और अन्य कल्याणकारी सेवाएं भी दी गयीं। गैर-संचारी रोगों के नियंत्रण हेतु एन.सी.डी. (NCD) स्क्रीनिंग के अंतर्गत 43 व्यक्तियों तथा टी.बी. (TB) स्क्रीनिंग के अंतर्गत 151 लाभार्थियों की गहन जांच की गयी। शिविर की प्रयोगशाला (लैब) में हीमोग्लोबिन, एल.एफ.टी. (LFT), के.एफ.टी. (KFT), लिपिड प्रोफाइल एवं आर.बी.एस. (RBS) सहित कुल 246 पैथोलॉजी जांचें सम्पन्न की गयीं। इसके अतिरिक्त तकनीकी जांच सेवाओं के तहत 44 मरीजों के एक्स-रे तथा 40 मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए गए। सरकार की डिजिटल स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाते हुए मौके पर ही 15 आभा आईडी (ABHA ID) तथा 17 आयुष्मान कार्ड भी तैयार किए गए। इन सभी सेवाओं के साथ ही शिविर में आए 45 लाभार्थियों को स्वास्थ्य व पोषण संबंधी विशेष काउंसलिंग (परामर्श) भी प्रदान की गयी।

यह विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आगामी 15 जुलाई 2026 तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें क्षेत्र के सभी नागरिक उपस्थित होकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *