कांग्रेस प्रभारी के दौरे पर भाजपा का तंज, कांग्रेस का पलटवार
उत्तराखंड में कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा के लगातार दौरों को लेकर सियासत गरमा गई है। भाजपा ने इन दौरों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस पर टिकटों की खरीद-फरोख्त के आरोप लगाए हैं, जबकि कांग्रेस ने इसे संगठन को मजबूत करने की प्रयास बताया है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि कांग्रेस प्रभारी का प्रदेश में आना उनका आंतरिक मामला है, लेकिन कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि राहुल गांधी उत्तराखंड के नेताओं से नाराज क्यों हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चार साल तक निष्क्रिय रही और अब चुनाव नजदीक आते ही सक्रिय हो गई है। जोशी ने तंज कसते हुए कहा कि जैसे पहले टिकट बेचे गए थे, वैसे ही अब फिर टिकट बेचने का सीजन आ गया है और ग्राहक तलाशने के लिए प्रभारी उत्तराखंड आ रही हैं।
वहीं कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के लगातार संगठनात्मक दौरों से पार्टी को मजबूती मिल रही है। उन्होंने बताया कि शैलजा 17 और 18 जून को फिर उत्तराखंड दौरे पर आ रही हैं, जहां कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन होगा।
